Indipandance लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Indipandance लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 23 दिसंबर 2013

आजादी के वर्ष का एहसास कराएगा नये साल का कैलेंडर


हूबहू 1947 से मिलता है 2014 का कैलेंडर

नवीन जोशी, नैनीताल। समय चक्र ने हमें एक बार फिर से अतीत के उस दौर में पहुंचा दिया, जब पूरे देश को बस इंतजार था 15 अगस्त का। सब कुछ वही है, तारीख-दिन में कोई अंतर ही नहीं। जी हां, गौर से देखिएगा। नये साल में जो कैलेंडर हमारे सामने आ रहा है वह हूबहू वही है जो आजादी दिलाने वाले वर्ष 1947 में था। आपके पास वर्ष 1947 का वह ऐतिहासिक कलेंडर मौजूद है तो आपको अगले वर्ष के लिए नया कलेंडर लेने की जरूरत नहीं है, और यदि उस ऐतिहासिक वर्ष के तारीखों में दिन खोजने हैं तो 2014 के कैलेंडर में सब कुछ मिल जाएगा। हालांकि यह सामान्य सी बात है, और अनिश्चित अंतराल पर अनेक वर्षो के कैलेंडर समान होते रहते हैं। लेकिन जब बात 1947 के कैलेंडर की हो तो अनेक जिज्ञासा बढ़ना स्वाभाविक है। पुराने लोग इस कलेंडर को आज भी सुरक्षित रखे हुए हैं। खासकर उन्हें बृहस्पतिवार 14 अगस्त की मध्यरात्रि व 15 अगस्त के शुक्रवार का दिन कभी नहीं भूलता, जब देश पहली बार आजादी की सांसें ले रहा था। अनेक लोगों को याद है कि 1947 का वर्ष एक जनवरी को बुधवार से शुरू हुआ था और लीप वर्ष न होने की वजह से फरवरी में 28 दिन थे और वर्ष का समापन 31 जनवरी को बृहस्पतिवार को हुआ था। यह इत्तेफाक है कि आज भी देश बदलावों के दौर से गुजर रहा है, और 2014 में लोस चुनाव भी होने हैं, और कैलेंडर 1947 से पूरी तरह मिलता है।
2014 में लगातार चार-पांच दिन की छुट्टियां भी मिलेंगी

नैनीताल। छुट्टियों के मामले में नया साल 2014 सरकारी कर्मचारियों के लिए गुजरते साल से कुछ बेहतर रहेगा। उन्हें न केवल इस साल से ज्यादा छुट्टियां मिलेंगी बल्कि नए वर्ष में कई बार लगातार चार-पांच दिन के अवकाश के मौके भी मिलेंगे। हालांकि अभी राज्य सरकार ने अगले वर्ष के लिए छुट्टियों का कलेंडर जारी नहीं किया है, फिर भी अन्य प्रचलित कलेंडरों के आधार पर कहा जा सकता है कि इस वर्ष 52 रविवार, माह के दूसरे शनिवार के 12 व विभिन्न तीज त्योहारों के 22 व तीन निर्बधित छुट्टियों को मिलाकर कुल 89 अवकाश पड़ने की संभावना है। हालांकि पांच सार्वजनिक अवकाश शनिवार व रविवार को तथा नौ छुट्टियां अवकाश वाले दिनों में पड़ रही हैं। इस वर्ष दो अक्टूबर गांधी जयंती से तीन को विजयदशमी, चार व पांच अक्टूबर शनिवार- रविवार छह अक्टूबर को बकरीद का अवकाश रहने से लगातार पांच दिन की छुट्टियां लेने का मजा भी लिया जा सकेगा। इसी तरह 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के बाद 16-17 को शनिवार-रविवार तथा 18 अगस्त को जन्माष्टमी के अवकाश के साथ लगातार चार दिन की छुट्टी भी मिलेगी। ऐसे ही गुरुवार 23 से दीपावली के अवकाश के बाद गोवर्धन पूजा और फिर शनिवार- रविवार का अवकाश भी मिल जाएगा।
इन वर्षो के कैलेंडर भी 1947 जैसे
नैनीताल। एक जैसे कलेंडर वाले वर्षो के बारे में और अधिक अध्ययन करें तो पता लगता है कि ऐसा अनिश्चित अंतराल पर होता है। वर्ष का लीप इयर यानी फरवरी का 28 या 29 दिन के होने की वजह से यह अनिश्चितता रहती है। 1947 जैसे ही समान कलेंडरों की बात की जाए तो बीती शताब्दी में आजादी के बाद 1958, 1969, 1975, 1986 व 1997 में तथा वर्तमान 21वीं शताब्दी में वर्ष 2003 के कलेंडर भी समान रहे। वहीं आगे 2025, 2031, 2042, 2053, 2059, 2070, 2081और 2087 के कलेंडर भी 1947 जैसे ही रहने वाले हैं।


रविवार, 11 अगस्त 2013

द्वितीय विश्व युद्ध के सेनानी देवी दत्त जोशी नहीं रहे



Amar Ujala-Almora edition- 10 Aug. 2013
कपकोट। द्वितीय विश्व युद्ध के सेनानी (The 12th Frountier Force Regiment, Sialkot में 03.05.1945 से 16.07.1946 तक कार्यरत रहे) तोली निवासी देवीदत्त जोशी (सिपाही 3429418) का करीब 100 साल की आयु में बृहस्पतिवार रात निधन हो गया। शुक्रवार को  पैत्रिक गांसू श्मशान घाट में पवित्र सरयू नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। विश्व युद्ध के दौरान वह सियालकोट क्षेत्र में तैनात रहे। स्व. जोशी युद्ध के बाद ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह करने वाले सैनिकों में भी शामिल थे।
कपकोट ब्लाक के सुदूरवर्ती तोली गांव में स्व. दत्त राम जोशी के घर में जन्मे देवी दत्त जोशी बचपन से ही जुझारू प्रवृति के थे। वह ब्रिटिश भारतीय सरकार की सशस्त्र सेना में भर्ती हुए और द्वितीय विश्व युद्ध में उन्होंने बहादुरी के साथ मित्र देशों की सेनाओं के साथ मिलकर कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी का परिचय दिया। वह अधिकतर समय सियालकोट क्षेत्र में तैनात रहे। परिजनों के अनुसार 1946 के आसपास ब्रिटिश सरकार के खिलाफ वातावरण बनने लगा तो सेना में भी विद्रोह की स्थिति पैदा हो गई। 
Rashtriya Sahara-10 August 2013
भारतीय सैनिक ब्रिटिश अधिकारियों के खिलाफ बगावत करने लगे। इसके बाद सरकार ने 120 रुपये की पेंशन के साथ कई सैनिकों सहित श्री जोशी को भी सेवानिवृत्त कर दिया। उन्हें शांतिपुरी में 120 हेक्टेयर भूमि दी गई। श्री जोशी के परिजन तराई में बस गए किंतु वह पैतृक गांव तोली में ही रहे। बृहस्पतिवार की रात उनका निधन हो गया। आज पैत्रिक गांसू श्मशान घाट में पवित्र सरयू नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र दामोदर जोशी, भोलादत्त जोशी, हरीश चंद्र जोशी ने चिता को मुखाग्नि दी। सबसे बड़े पुत्र केशव दत्त जोशी का पहले ही देहांत हो चुका है। श्री जोशी के पौत्र वरिष्ठ पत्रकार नवीन जोशी ने बताया कि अंतिम संस्कार में उनके सभी सात पोते शामिल हुए। श्री जोशी के निधन पर कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण, एडवोकेट चामू सिंह देवली, नारायण सिंह दानू, देवेंद्र मर्तोलिया, देवेंद्र गड़िया, नरेंद्र सिंह दानू आदि ने दु:ख जताया है।

स्वतंत्रता सेनानी देवी दत्त जोशी का निधन

बागेश्वर (एसएनबी)। आजाद हिंन्द फौज के सेनानी रहे देवी दत्त जोशी (100) का बृहस्पतिवार रात को तोली स्थित उनके पैतृक निवास पर निधन हो गया। निधन का समाचार सुनते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कपकोट के पैत्रिक गांसू श्मशान घाट में पवित्र सरयू नदी के तट पर सैकड़ों नम आंखों के बीच दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी की अत्येष्टि संपन्न हुई। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र व साहित्यकार दामोदर जोशी (देवांशु) व छोटे पुत्रों भोला दत्त व हरीश जोशी ने संयुक्त रूप से दी। 
उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध में भी भाग लिया था। उनके पुत्र दामोदर जोशी उत्तराखंड के साहित्यकार तथा पौत्र नवीन जोशी वरिष्ठ पत्रकार हैं। जोशी के निधन पर पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी, विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, विधायक चंदन राम दास,जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह शाही, ब्लॉक प्रमुख पुष्पलता मेहता के अलावा साहित्यकार व पूर्व सैनिक संगठनों के पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है।


दादाजी के अनुभवों के आधार पर लिखा गया एक आलेख, जो की उस दौर का एक ऐतिहासिक दस्तावेज भी है, इस लिंक पर: : http://www.merapahadforum.com/uttarakhand-history-and-peoples-movement/history-of-uttarakhand-from-the-eyes-of-elders/msg70052/#msg70052 



सम्बंधित लेख: http://mankahii.blogspot.in/2013/08/blog-post.html