सोमवार, 3 फ़रवरी 2014

लो आ गया बसंत, खत्म हुई सर्दी

  • 3 फरवरी को था नैनीताल का तापमान 17.6 व 11.5 डिसे. 
  • फरवरी के मध्य तक हल्की बारिश की संभावना 
  • मार्च से भीषण गरमी की आशंका जताई


नवीन जोशी, नैनीताल। आज से ऋतुराज बसंत का आगमन हो रहा है। मौसम विज्ञानियों का भी मानना है कि सर्दियां समाप्त हो गई हैं। आगे छिटपुट बारिश हो सकती है। यूजीसी के वैज्ञानिक डा. बहादुर सिंह कोटलिया का कहना है कि अब पहाड़ों पर बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। फरवरी मध्य तक ही हल्की बारिश हो सकती है, और इसके बाद जबरदस्त गरमी पड़ने वाली है। मौसम विभाग अगले कुछ दिन आसमान में हल्के बादल छाये रहने और पांच तथा सात फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जता रहा है। सरोवरनगरी में प्रकृति ऋ तुराज बसंत का स्वागत करती नजर आ रही है। यहां माल रोड पर स्टेट बैंक के पास खिले ब्रूम के पीले फूल मानो वासंती रंग में सरोबोर करने लगे हैं। कुमाऊं में अनेक स्थानों पर समय से पहले ही बताया जा रहा राज्य वृक्ष बुरांश खिल उठा है। वृद्ध जागेश्वर, गुरड़ाबांज से लेकर बिनसर व यहां रामगढ़, मुक्तेश्वर व धानाचूली के लाल रंग में रंगे जंगलों की खूबसूरती देखते ही बन रही है। कारण चाहे जो भी हों, लेकिन नगर के पुराने लोगों का कहना है कि यहां मार्च माह तक होली के बाद भी बर्फ पड़ना आम बात थी। नगर पालिका कर्मी महेश गुरुरानी बताते हैं 1962 तक उन्होंने मल्लीताल के बाजारों में दो से ढाई फीट तक बर्फवारी देखी है। अप्रैल माह में भी यहां कई बार बर्फबारी हुई है। कुमाऊं विवि के विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. सीसी पंत के अनुसार ग्लोबलवार्मिग इतर मौसमी चक्र के बुरी तरह प्रभावित होने से अत्यधिक होने को कारण मानते हैं। बर्फवारी के बाद यहां का तापमान बीते दो दिनों में दहाई में पहुंच गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: