शुक्रवार, 6 जनवरी 2012

नैनीताल में रोचक रहेगा कांग्रेस का ‘तीन देवियों’ पर दांव


नवीन जोशी, नैनीताल। कांग्रेस ने विधानसभा के लिए जनपद की छह में से तीन सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया है। नैनीताल सीट पर पूर्व पालिकाध्यक्ष सरिता आर्या, हल्द्वानी सीट पर पूर्व काबीना मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश तथा रामनगर से पूर्व विधायक व सांसद सतपाल महाराज की पत्नी अमृता रावत को मैदान में उतारा है। अब देखना यह है कि ये ‘तीन देवियां’ कांग्रेस की नैया किस तरह पार लगाती हैं।  
हालांकि कांग्रेस ने नैनीताल जनपद की छः में से आधी यानी तीन सीटों पर जिस तरह "आधी दुनियां" का प्रतिनिधित्व करने वाली महिलाओं  को टिकट दिया है, उससे उसका महिलाओं पर भरोसा जताना कम ही दिखाई देता हैजिले में केवल हल्द्वानी से डा. हृदयेश को टिकट मिलना तय था, वह पार्टी तथा कार्यकर्ताओं की स्वावाविक पसंद थीं। लेकिन मुख्यालय की नैनीताल सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य की अनिच्छा तथा अपने पुत्र संजीव आर्य को टिकट न दिला पाने के कारण सरिता पूर्व पालिकाध्यक्ष होने के नाते टिकट पाने में सफल रहीं। टिकट वितरण में अहम भूमिका निभाने वाले केंद्रीय मंत्री हरीश रावत की पसंदगी और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सरोजनी केंतुरा द्वारा नाम प्रस्तावित किये जाने की वजह से उनको यह ईनाम मिला। अमृता रावत को रामनगर में भारी विरोध तथा पैराशूट प्रत्याशी का तमगा होने के बावजूद गढ़वाल सांसद सतपाल महाराज की पत्नी होने के नाते टिकट मिल गया है। ऐसे में यह दिलचस्प होगा कि जनपद में तीन देवियां कांग्रेस की नैया को कैसे पार लगाती हैं।
पालिका व जिला पंचायत के स्तर के हो गए विधान सभा चुनाव 
नैनीताल। नैनीताल में विधानसभा चुनाव नगर पालिका व जिला पंचायत चुनाव की याद दिला सकता है। यहां भाजपा एवं कांग्रेस प्रत्याशी के बीच जिला पंचायत चुनाव की पुरानी प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलेगी। कांग्रेस, बसपा एवं सपा प्रत्याशी भी पालिका चुनावों के दिनों की याद दिलाएंगे। भाजपा प्रत्याशी हेम आर्या की पत्नी नीमा आर्या एवं कांग्रेस प्रत्याशी सरिता आर्या वर्ष 2008 के जिपं चुनावों में मेहरागांव सीट से आमने-सामने थे। इसमें नीमा विजयी रहीं। वहीं सरिता आर्या वर्ष 2003 में हुऐ नगर निकाय चुनाव जीतकर नैनीताल पालिका अध्यक्ष बनी, जबकि उनसे पूर्व बसपा प्रत्याशी संजय कुमार ‘संजू’ वर्ष 1998 से नैनीताल पालिका अध्यक्ष रहे। इसी दौरान सपा प्रत्याशी देवानंद सभासद रहे थे।


कोई टिप्पणी नहीं: