रविवार, 8 मई 2011

कोश्यारी होंगे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष


खंडूड़ी बनेंगे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, विधानसभा चुनाव निशंक के नेतृत्व में ही
पिछले चुनाव में भी कोश्यारी ने अपने दम पर पार्टी को सत्ता दिलाई थी पर पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया 
मुख्यमंत्री निशंक और पूर्व सीएम कोश्यारी व खंडूड़ी को पार्टी ने आपसी तालमेल के लिए दिल्ली बुलाया
रोशन/एनएनबी नई दिल्ली। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर भाजपा में सांगठनिक फेरबदल किया जा रहा है। राज्यसभा सदस्य व पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया जा रहा है। बावजदू इसके विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक के नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में तो विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश के लिए कोर कमेटी, चुनाव प्रचार अभियान समिति का गठन कर दिया गया है। इस लिहाज से चुनाव तैयारियों में उत्तराखंड पीछे है। भाजपा सूत्रों के अनुसार सीएम निशंक, पूर्व मुख्यमंत्रियों कोश्यारी व खंडूड़ी तीनों को दिल्ली बुलाया जाएगा और उनसे विचार-विमर्श किया जाएगा। पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन तीनों नेताओं को एकजुट करने की है। तीनों की एकता बनाए रखने के लिए पार्टी ने तीनों को एक साथ बिठाने का फैसला किया है। बताया जाता है कि तीनों नेताओं को दिल्ली बुलाने के पीछे शीर्ष नेताओं का यह मकसद है कि समय रहते मनभेद व मतभेद भुलाकर एक दिशा में ताकत लगाई जाए। पार्टी भविष्य में उत्तराखंड में संगठन की कमान कोश्यारी को सौंपकर नई ऊर्जा का संचरण करना चाहती है। कोश्यारी की संगठन पर जबरदस्त पकड़ है। पिछले चुनाव में भी भाजपा को सत्ता में लाने में कोश्यारी का अहम रोल रहा है , लेकिन पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया था। खंडूड़ी के कुशल प्रशासकीय प्रबंधन का फायदा उठाने के लिए उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की डोर सौंपी जाएगी। संगठन में फेरबदल व खंडूड़ी को राष्ट्रीय राजनीति में लिए जाने के बाद भी पार्टी ने तय किया है कि राज्य में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री डा. निशंक के नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: